क्या वर्ष-2023 में AAP का होगा मेयर! या भाजपा से दिलीप शर्मा, कनवर राणा, महेश इंदर, सौरभ जोशी या फिर कोई और…

0
290

कुमार मधुकर

चंडीगढ़ 31 दिसम्बर 2022। वर्ष-2023 में चंडीगढ़ का अगला मेयर कौन होगा। इसके लिए शहर की जनता से लेकर छोटे-बड़े नेता तक मत्थापच्ची कर रहे हैं। शहर की राजनीतिक पार्टियां जैसे कि AAP, भाजपा के अलावा कांग्रेस भी इस बार मेयर चुनाव में रह सकती है। बता दें कि पिछले साल मेयर चुनाव में कांग्रेस पार्टी के नेता अपने पार्षदों को साथ लेकर राजस्थान में जश्न मनाने चले गए थे, जिसको लेकर शहर में कांग्रेस की खूब किरकिरी हुई थी। इस बार भी कांग्रेस पार्टी को लेकर साफ साफ कुछ भी नहीं कहा जा सकता है कि मेयर चुनाव में कांग्रेस हिस्सेदारी होगी या नहीं।
भाजपा से पहला नाम है दिलीप शर्मा
बहरहाल माना जा रहा है कि वर्ष-2023 में भी पिछले साल की तरह ही भाजपा से कोई न कोई मेयर बनने जा रहा है। इस प्रकार से मेयर उम्मीदवारी में पहला नाम है दिलीप शर्मा का, जो इस वक्त सीनियर डिप्टी मेयर हैं। पिछले दो बार से पार्षद का चुनाव जीतते आ रहे हैं। हालांकि दिलीप शर्मा पहली बार निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीत पार्षद बने थे। दूसरी बार शर्मा, भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़े और जीते भी। अब दिलीप शर्मा मेयर बनने के लिए उम्मीदवारी की दौड़ में हैं।
दूसरा नाम कनवर राणा
इसके बाद भाजपा से मेयर उम्मीदवार के तौर पर दूसरा नाम कनवर राणा का आ रहा है। कनवर राणा पिछले दो बार से लगातर पार्षद बनते आ रहे हैं। साथ में एकबार डिप्टी मेयर भी रह चुके हैं। एमसी हाउस में बहस के दौरान कनवर राणा काफी एक्टिव रहते हैं। ऐसे में कनवर राणा के नाम पर भी विचार हो रहा है या हो सकता है।
तीसरा नाम सौरभ जोशी
भाजपा से मेयर की उम्मीदवारी के तौर दमदार तरीके से तीसरा नाम सौरभ जोशी का भी आ रहा है, जो तीन बार पार्षद का चुनाव लड़े और दो बार चुनाव जीते हैं। सौरभ जोशी तेज तर्रार होने के बाद भी पार्षद सौरभ जोशी अब तक एक बार भी न तो मेयर न ही अन्य पदों पर रह पाए हैं, जबकि जोशी भाजपा के कद्दावर नेता रह चुके स्व. जयराम जोशी पुत्र हैं। शहर में भाजपा की जड़ों को मजबूती देने में जयराम जोशी का अहम भूमिका रही है।
महेश इंदर सिंह का नाम
इसके बाद पार्षद महेश इंदर सिंह का नाम भी मजबूती से आ रहा है। महेश इंदर सिंह भी पहले सीनियर डिप्टी मेयर रह चुके हैं। साथ ही सांसद किरण खेर का खास माने जाते हैं। इसके अलावा भाजपा से कई और भी नामों की चर्चा है। पर देखनेवाली बात होगी कि मेयर उम्मीदवारी से लेकर मेयर बनने तक इनमें से बाजी कौन मारता है।
आम आदमी पार्टी से मेयर उम्मीदवार?
चंडीगढ़ मेयर चुनाव में आम आदमी पार्टी के कई पार्षद भी भाग्य आजमाना चाह रहे हैं। यहां भी उम्मीदवारी को लेकर कई नाम सामने आ रहे हैं, जिसमें पहला नाम जसबीर सिंह लाडी, योगेश ढींगरा, दमनप्रीत सिंह और रामचन्द्र का नाम चल रहा है। पर वोटिंग गणित के दांवपेंच में कितना टिक पाएंगे देखनेवाली बात होगी।
कांग्रेस क्या करेगी?
सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस के स्टैंड को लेकर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। क्योंकि पिछले साल मेयर चुनाव से कांग्रेस बाहर रही थी। पिछले साल मेयर चुनाव से पहले तत्कालीन चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला के नेतृत्व में कांग्रेस के सभी पार्षद जश्न मनाने राजस्थान चले गए थे। इस बार भी कुछ ऐसा ही कहा जा रहा है। सूत्र तो यहां तक बता रहे हैं कि इस बार चुनाव के दिन कांग्रेस के सभी पार्षद हिमाचल जा सकते हैं। क्योंकि अभी तक कांग्रेस यह तय नहीं कर पा रही है कि आखिर पार्टी को करना क्या है।
यहां बता दें कि कांग्रेस को भाजपा और AAP से बराबर की दूरी बनाकर रखना होगा। ऐसे में कांग्रेस के पास दो विकल्प हैं, एक तो पिछले साल की तरह जश्न मनाने के लिए कांग्रेस की सरकार वाले राज्य में जश्न मनाने चले जाएं या फिर मेयर चुनाव के दौरान सदन का बहिष्कार करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here