आरोपी नशे का आदी, पहले भी है चोरी के मामलों में लिप्त
Raj Singh
पंचकूला/ 09 जून 2025:- पुलिस कमिश्नर शिबास कविराज के दिशा-निर्देशों के तहत पंचकूला जिला पुलिस अपराध मुक्त समाज की दिशा में लगातार सक्रियता से कार्य कर रही है। इसी कड़ी में चोरी व स्नैचिंग जैसी घटनाओं की रोकथाम व त्वरित कार्रवाई को लेकर डीसीपी क्राइम अमित दहिया के मार्गदर्शन में सभी थाना, चौकी एवं क्राइम ब्रांच की टीमें पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रही हैं। हाल ही में पुलिस चौकी सेक्टर-21 इन्चार्ज सब इंस्पेक्टर दीदार सिंह व उनकी टीम ने सरकारी ट्यूबवैल का स्टार्टर चोरी करने वाले एक आरोपी को काबू किया है।
एचएसवीपी में वाटर वर्क्स सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत महावीर सिंह निवासी सेक्टर-15, पंचकूला ने पुलिस चौकी सेक्टर-21 में शिकायत दी थी कि सेक्टर-3 स्थित गोल्फ ग्राउंड में लगे सरकारी ट्यूबवैल का स्टार्टर दो युवक चुरा कर ले जा रहे थे। इस बीच दीवार फांद कर भागने लगे युवक को पकड़ लिया गया।
आरोपी की पहचान शिव कुमार पुत्र वेदराम निवासी सेक्टर-26, पंचकूला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी से चोरी का सामान बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे का आदी है और पहले भी चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहा है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-5 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303, 317(3) के तहत मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से अन्य चोरी की वारदातों में उसकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। पंचकूला पुलिस आमजन से अपील करती है कि वे अपने आस-पास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि अपराधियों पर कड़ा शिकंजा कसा जा सके।






















