



जोरदार चर्चा: दो से तीन पार्षद भाजपा में हो सकते हैं शामिल!
कुमार मधुकर
चंडीगढ़. नववर्ष 2026 में प्रवेश के साथ ही चंडीगढ़ मेयर चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। विपक्ष, यानी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी, की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं कि भाजपा को इस चुनाव में बड़ा झटका दिया जाए। लेकिन स्थिति इसके उलट नजर आ रही है। भाजपा को झटका लगने की बजाय उसकी स्थिति मजबूत होती दिख रही है, जबकि विपक्ष की गोटियां लगातार हिलती नजर आ रही हैं।
राजनीतिक गलियारों में जोरदार चर्चा है कि आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के कई पार्षद भाजपा की ओर झुक रहे हैं। इसी कारण मेयर की कुर्सी पर भाजपा का कब्जा लगभग तय माना जा रहा है। फिलहाल जानकारी मिल रही है कि विपक्षी खेमे से करीब दो से तीन पार्षद किसी भी समय भाजपा में शामिल हो सकते हैं, जिससे मेयर चुनाव में भाजपा का पलड़ा भारी नजर आ रहा है।
इस बीच शहर की राजनीति में गंदगी इस हद तक बढ़ गई है कि अपनी-अपनी पार्टियों में रहते हुए कसमें-वादे खाने के बावजूद कुछ पार्षद भाजपा के साथ नजदीकियां जता रहे हैं। हालांकि इस चुनाव में अंतिम फैसला बाबा भोलेनाथ या बाबा नंदी के हाथ में ही माना जा रहा है।
मेयर चुनाव के मद्देनजर वर्तमान स्थिति में चंडीगढ़ नगर निगम में कुल 35 पार्षद हैं। भाजपा के पास फिलहाल 18 पार्षद हैं। गौरतलब है कि हाल ही में आम आदमी पार्टी की दो महिला पार्षद — पूनम और सुमन — भाजपा में शामिल हुईं, जिससे भाजपा की संख्या 16 से बढ़कर 18 हो गई।
वर्तमान में AAP के पास 11 पार्षद, जबकि कांग्रेस के पास सांसद मनीष तिवारी सहित 7 पार्षद हैं। राजनीतिक जानकारों और दल बदल की राजनीति के जानकारों का मानना है कि AAP के दो और पार्षद, जो पहले तकनीकी कारणों से भाजपा में शामिल नहीं हो पाए थे, वे भी जल्द ही भाजपा का दामन थाम सकते हैं। माना जा रहा है कि ये तकनीकी अड़चनें शीघ्र दूर कर ली जाएंगी।
कुल मिलाकर विपक्ष के दो से तीन और पार्षदों के भाजपा में शामिल होने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। इससे भाजपा को मेयर चुनाव में जबरदस्त मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
यदि ऐसा होता है तो भाजपा की संख्या 20–21 तक पहुंच सकती है, जबकि विपक्ष घटकर 14–15 पर सिमट सकता है। इस दल बदल से भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलने की पूरी संभावना है। मेयर चुनाव में जीत के लिए सिंपल मेजॉरिटी यानी 19 वोट की आवश्यकता होती है।
पार्टी के कुछ बड़े नेताओं की कार्यशैली से विपक्षी पार्षदों में असंतोष बढ़ रहा है, जिससे उनकी एकजुटता टूटती नजर आ रही है। चंडीगढ़ की राजनीति अब दल-बदल और सौदेबाजी का अखाड़ा बनती जा रही है। मेयर चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, सस्पेंस और गहराता जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, जनवरी 2026 के अंतिम सप्ताह में हाथ उठाकर ओपन वोटिंग के माध्यम से मतदान होगा, जिसे यूटी प्रशासन ने मंजूरी दे दी है।
यह भी उल्लेखनीय है कि फिलहाल भाजपा, कांग्रेस या आम आदमी पार्टी की ओर से मेयर उम्मीदवार के नाम पर अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। हालांकि गठबंधन की ओर से योगेश ढींगरा, रामचंद्र यादव और दमनप्रीत बादल के नाम चर्चा में हैं, जबकि भाजपा की ओर से महेश इंदर सिंह, कंवर राणा, सरबजीत कौर और सौरभ जोशी के नामों पर मंथन चल रहा है।






















