पंचकूला पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया नव वर्ष का जश्न

0
428

48 नाके, डीसीपी व एसीपी स्तर के अधिकारी रातभर खुद फील्ड में रहे मौजूद, आमजन का भी रहा भरपूर सहयोग

ड्रिंक एंड ड्राइव को लेकर पुलिस ने बरती सख्ती , 68 चालान काटे, 4 वाहन इंपाउंड भी किए

राज सिंह
पंचकूला/01 जनवरी 2026:- नव वर्ष के अवसर पर पंचकूला पुलिस द्वारा जिलेभर में की गई सुरक्षा व्यवस्था के चलते नव वर्ष का जश्न पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ। जिले में कुल 48 नाकों पर पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा। इस दौरान डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता एवं डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन स्वयं रातभर फील्ड में मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। पुलिस की सतर्कता का ही परिणाम रहा कि नव वर्ष की रात किसी भी प्रकार का सड़क हादसा या अन्य कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई।

डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि नव वर्ष के मद्देनज़र क्लबों, होटलों, धार्मिक स्थलों, पर्यटक स्थलों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कोई चूक न हो। उन्होंने बताया कि जिले में सभी 29 राइडर, 12 पीसीआर एवं 19 ईआरवी लगातार फील्ड में गश्त करते रहे। इसके अतिरिक्त सभी एसीपी, थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज एवं क्राइम ब्रांच की टीमें भी पूरी तरह सक्रिय रहीं और फील्ड में तैनात रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जुटी रहीं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यह विशेष ध्यान रखा गया कि नव वर्ष के उत्सव के दौरान आम नागरिकों को बेवजह किसी प्रकार की परेशानी न हो। पुलिस की अपील और व्यवस्थाओं में आमजन ने भी पूरा सहयोग दिया, जिससे उत्सव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका।

वहीं डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि यातायात व्यवस्था को लेकर पहले से ही सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। ड्रिंक एंड ड्राइव पर सख्ती से रोक लगाने के लिए विशेष नाके लगाए गए, जिनके दौरान कुल 68 चालान काटे गए तथा 4 वाहनों को इंपाउंड किया गया। उन्होंने बताया कि इन नाकों का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को रोकना एवं जश्न के बीच किसी भी प्रकार की अनहोनी को टालना था।

पंचकूला पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज का बयान: फील्ड़ में मौजूद हमारे पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की टीमवर्क, सतर्कता और आमजन के सहयोग से यह संभव हो पाया। पंचकूला पुलिस आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ जनता की सुरक्षा और सेवा में तत्पर रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here