Raj Singh
पंचकूला/ 10 जून 2025:- पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित बस स्टैंड के पास आज सिटी ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने ऑटो चालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। इस बैठक में उन्होंने ऑटो चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की, विशेष रूप से ओवरलोडिंग को लेकर सख्त चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि अगर किसी भी ऑटो चालक द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन किया जाता है तो उसके खिलाफ चालान प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता द्वारा महिला सुरक्षा को प्राथमिकता दिए जाने के बाद एसएचओ ने ऑटो चालकों से आग्रह किया कि अगर रात के समय कोई महिला ऑटो में यात्रा करती है, तो उसे सड़क के किनारे उतारने की बजाय उसके घर तक छोड़ने का प्रयास करें, ताकि उसकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
बैठक में ऑटो चालक प्रधान राजकुमार उर्फ राजू सहित कई अन्य ऑटो चालक भी उपस्थित थे। इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि यातायात नियमों का पालन न केवल ऑटो चालकों की अपनी सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने ओवरलोडिंग को एक गंभीर अपराध मानते हुए इस पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
इसके साथ ही एसएचओ ने ऑटो चालकों से यह भी अपील की कि अगर वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन चालक को देखे, जो हुड़दंग मचाता हो, तो इसकी जानकारी तुरंत सिटी ट्रैफिक एसएचओ के नंबर 8146630072, कंट्रोल रूम के नंबर 75083244900 और 0172-2582100 पर दें। उनकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।
इंस्पेक्टर ने इस बैठक के अंत में कहा कि यातायात नियमों का पालन करने से न केवल ट्रैफिक जाम में कमी आएगी, बल्कि दुर्घटनाओं में भी काफी हद तक कमी आएगी। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य ऑटो चालकों को जागरूक करना और पंचकूला शहर में सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखना था।





















