हरि शंकर 9811058248
गुड़गांव। माहिरा होम प्रोजेक्ट के करीब दस बायर्स ने प्रमुख बिल्डर सिकंदर छोकर के साथ स्थानीय एक होटल में 08 सितम्बर को महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक का उद्देश्य प्रोजेक्ट से जुड़ी सभी शंकाओं का समाधान करना, भविष्य की स्पष्ट रूपरेखा प्रस्तुत करना और सकारात्मक संवाद स्थापित कर भरोसा बहाल करना था। बायर्स ने अपने अनेक प्रश्न और चिंताएँ प्रस्तुत की, जिनका बिल्डर ने पूरी पारदर्शिता और विस्तार से उत्तर दिया। हालांकि यह देखने वाली बात होगी कि बिल्डर छोकर अपनी बातों पर अडिग रहते है या फिर ढाक के वही तीन पात की कहानी होगी।
महत्वपूर्ण बैठक में इन मुख्य बिंदुओं पर बातचीत केंद्रित रही, जो इस प्रकार है।
सिकंदर छोकर ने बायर्स को विश्वास दिलाया कि माहिरा होम प्रोजेक्ट के फ्लैट्स उन्हें अवश्य उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ देरी हुई है, लेकिन उनकी नियत पूरी तरह से साफ है और प्रोजेक्ट को पूर्ण रूप से पूरा करने का दृढ़ संकल्प है।
फंड की स्थिति पर उन्होंने स्पष्ट किया कि पैसों की कोई कमी नहीं है। हाल ही में संपत्ति की एक बड़ी बिक्री से पर्याप्त फंडिंग उपलब्ध हो चुकी है। इसके अलावा, 238 फ्लैट्स की कैंसलेशन और बकाया यूनिट्स भी अच्छी कीमत पर बिकने की संभावना है, जिससे प्रोजेक्ट की वित्तीय मजबूती और सुनिश्चित होगी।
लाइसेंस रिन्यूअल के संबंध में उठाए गए सवाल पर उन्होंने बताया कि अप्रैल 2025 में DTCP ने ED से NOC मांगी थी, जिसके कारण रिन्यूअल प्रक्रिया में विलंब हुआ।
निर्माण में देरी के कारण बायर्स को किराए का भार उठाने की चिंता पर उन्होंने कहा कि बिल्डर भी महंगाई का सामना कर रहा है, लेकिन बायर्स को किसी भी अतिरिक्त लागत से मुक्त रखते हुए फ्लैट अलॉट किए जाएंगे। साथ ही, निर्माण गुणवत्ता में किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
कानूनी कार्रवाई के संबंध में उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट में बायर्स का केस लंबित है, जिसकी सुनवाई 17 सितम्बर 2025 को है। यदि कोर्ट का आदेश आया तो वे फ्लैट निर्माण के साथ रिफंड और ब्याज की व्यवस्था करेंगे। साथ ही, 20 करोड़ की गारंटी जमा कराने की भी संभावना जताई गई।
छोकर ने आगामी 14-15 सितम्बर को बायर्स की एक और बैठक बुलाने का आश्वासन दिया, ताकि सभी को नियमित जानकारी दी जा सके। इसके साथ ही प्रत्येक माह बायर्स के साथ नियमित बैठक सुनिश्चित करने की बात कही, ताकि भ्रम और अफवाहें निर्मूल हों।
सकारात्मक सोच के साथ उन्होंने नवरात्रि के अवसर पर सेक्टर 68 साइट पर सभी 1250 बायर्स को आमंत्रित करने का प्रस्ताव रखा, जिससे सभी के बीच विश्वास और संवाद का माहौल बने।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि विभिन्न बायर्स ग्रुप बनाने से गलत संदेश जा रहा है। भविष्य में एक संयुक्त समिति का गठन कर समन्वय स्थापित किया जाए, जिससे सभी बायर्स की आवाज़ एक स्थान पर सुनी जा सके।
अंत में, श्री सिकंदर छोकर ने भरोसा दिलाया कि माहिरा होम प्रोजेक्ट को समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा। उन्होंने सभी बायर्स से संयम, धैर्य और एकजुटता का आह्वान करते हुए विश्वास जताया कि मिलकर ही हर समस्या का समाधान संभव है।


























