
समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु एक उप-समिति गठित की जाएगी
कुमार मधुकर 9041098248
चण्डीगढ़ : चण्डीगढ़ व्यापार मंडल (सीबीएम) के पदाधिकारियों ने अध्यक्ष संजीव चड्ढा के नेतृत्व में ऑल इंडिया उद्योग व्यापार मंडल के 44वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित व्यापारी महा सम्मेलन में भाग लिया। संजीव चड्ढा ने बताया कि सम्मलेन में देशभर के विभिन्न राज्यों के व्यापार मंडलों के प्रतिनिधि आए हुए थे। उन्होंने बताया कि सीबीएम की ओर से उनके अलावा चेयरमैन चरणजीव सिंह, महासचिव सुनील गुप्ता, वित्त सचिव राधे लाल बजाज, सचिव अनुज सहगल व सदस्य संजीव भी इसमें शामिल हुए।
सम्मेलन में प्रमुख रूप से बाबू लाल गुप्ता, अध्यक्ष, ऑल इंडिया उद्योग व्यापार मंडल, सुनील सिंघी, चेयरमैन, ट्रेड बोर्ड ऑफ इंडिया, अर्जुन राम मेघवाल, केंद्रीय मंत्री व हर्ष मल्होत्रा, केंद्रीय मंत्री उपस्थित हुए। इस दौरान संजीव चड्ढा ने चण्डीगढ़ में कई लंबे समय से लंबित व्यापारी समस्याओं की ओर केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित किया जिनमें लंबित वैट असेसमेंट मामलों के लिए ओटीएस योजना को अधिसूचित करना, अप्रासंगिक उपबन्धों व उपविधियों में समयानुकूल संशोधन, व्यापारी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ट्रेड बोर्ड का गठन करना व चंडीगढ़ में जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण की स्थापना करना शामिल है।
उन्होंने चेताया कि यदि इन मुद्दों का समाधान नहीं किया गया, तो व्यापारियों का पलायन चंडीगढ़ जैसे शहरों से अन्य पड़ोसी राज्यों की ओर हो सकता है, जिससे व्यापारिक गतिविधियां अव्यवहारिक और अलाभकारी बन सकती हैं। सम्मलेन में निर्णय लिया गया कि इन व्यापारी समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु चंडीगढ़ के प्रमुख पदाधिकारियों और केंद्र स्तरीय व्यापार संगठनों के वरिष्ठ सदस्यों की एक उप-समिति गठित की जाएगी, जो इन विषयों को केंद्र स्तर पर आगे बढ़ाएगी।
ये जानकारी सीबीएम के उपाध्यक्ष एवं सह अधिकृत प्रवक्ता दिवाकर सहूंजा ने दी।
























