चंडीगढ़ 03 नवंबर 2019 । प्रिंट मीडिया में आई एक खबर ने ऐसी सनसनी फैला दी। जैसे कि अंतर्राष्टÑीय आतंकवादी ओसामा बिन लादेन न सिर्फ अभी भी जिंदा है, बल्कि चंडीगढ़ शहर में ही बंकर बनाकर सालों साल से छिपा हुआ है। मीडिया में इस तरह की खबर आने के बाद लोगों ने तब बड़ी राहत ली जब खबरचियों ने समय रहते आतंकियों के अड्डे का भंडाफोड़ कर दिया। अन्यथा शहर में सब के सब मार दिए जाते। शहर के लोगों ने कहा कि भगवान का शुक्र है कि समय रहते पता लग गया और सब के सब बच गए। इस तरह की खबर के छपने के बाद पुलिस भी मौके पर ऐसे दौड़ पड़ी कि जैसे उसकी तो आज लाज ही बच गई। बंकरों की खबर छपने के बाद अन्य अखबारों के सोए हुए शहर के कई पत्रकार भी जाग गए बाल का खाल निकालने लगे तो पता चला कि यहां कोई बंकर नहीं बल्कि बरसाती नाले में कुछ भीख मांगने वाले लोग रह रहे थे। बरसाती नाले की जानकारी मिलने के बाद शहर के लोगों ने और भी राहत की सांस ली कि यहां कोई ओसामा बिन लादेन नहीं छिपा है, बल्कि लादेन तो सालों पहले ही अमरीकी सैनिकों के हाथों पाकिस्तान में मारा जा चुका है।

शहर में हलचल पैदा कर देने वाली एक खबर में दावा किया गया था कि सीएफएसएल के निकट अंडरग्राउंड बंकर देखे गए। बंकर भी कोई छोटा नहीं, बल्कि एक कनाल के पूरे मकान जितना। जिसकी लंबाई चौड़ाई बहुत ही ज्यादा थी। इसमें सालों से चुपचाप कई लोग रह भी रहे थे। हैरानी की बात तो यह थी कि दावा किया गया कि संदिग्धों ने गटर की पाइपलाइन काटकर अंदर खुदाई करके गटरों को आपस में मिला दिया था। दावा यह भी किया गया था कि खुलासा तब हुआ जब पब्लिक हेल्थ के कर्मियों ने जेसीबी से खुदाई शुरू की थी। एक के बाद एक हैरान करने वाली जानकारी दी गई थी कि जब तक गिरफ्तार किया जाता इससे पहले बंकर में रहने वाले मौके से भाग निकले।

सामान जब्त कर लिया
खबर में दावा यह भी किया गया था कि पुलिस ने इस मामले में डीडीआर दर्ज कर सारा सामान जब्त कर लिया है। जांच होगी कि आखिर जमीन के नीचे कौन लोग रह रहे थे,उनका मकसद क्या था। इसके बाद इस खबर को लेकर जो भी शहर में चर्चा हुई अब सभी को पता चल गया है। क्योंकि यहां न तो कोई बंकर था और न ही रहने वाला कोई आतंकवादी या अपराधिक प्रवृत्ति के लोग बल्कि कुछ भिखारी रह रहे थे। जिससे शहर को कोई खतरा नहीं था। ध्यान रहे ध्यान रहे कि बड़े-बड़े खाली ह्यूम पाइपों में गरीब लोग अपना बसेरा बना लेते हैं। इस प्रकार के दृष्य मुंबई और हाइवे के किनारे पाइप लाइनों में आसानी से देखे जा सकते हैं। ऐसा ही नजारा सेक्टर-36 के बरसाती नालों का था, जहां कई भिखारी पिछले कुछ समय से रह रहे थे।

एसएसपी ने बंकर कथा को बकवास कहा
इस सनसनीखेज खबर के छपने के बाद एसएसपी निलांबरी विजय जगादले ने मीडिया को बताया कि बंकर की बात बकवास है। हो सकता है कि इस बरसाती पाइप लाइन में भिखारी रह रहा हो। यहां पहले भी भिखारी देखे गए थे। उनके पकड़ते ही सारी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। हालांकि इस बीच सूचना यह भी मिल रही है कि दो भिखारियों से पूछताछ की गई, जिसे बाद में छोड़ दिया गया।
























